हरदा। सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक लेख लिखने और आपत्तिजनक चित्र को प्रसारित करने के मामले में कुछ युवकों ने अधिवक्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। हरदा थाना कोतवाली पुलिस ने युवकों की शिकायत पर अधिवक्ता के खिलाफ धारा 153 अ और 295 अ के तहत मामला दर्ज किया है।
दरअसल अधिवक्ता शेख मुईन ने 13 दिसंबर 2019 को अपनी फेसबुक पर मुंबई के लेखक बोधिसत्व का लेख और इंदौर के कार्टूनिस्ट हेमन्त मालवीय द्वारा बनाया गया चित्र पोस्ट किया था। चित्र में भारत माता को रोते हुए प्रदर्शित किया गया था, वहीँ लेख में हिन्दू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था।
इसके खिलाफ राजेश पाराशर ने अपने साथियों के साथ थाना कोतवाली जाकर शिकायत दर्ज कराई। राजेश ने अपनी शिकायत में कहा कि अधिवक्ता द्वारा पोस्ट स्लोगन की भाषा, लेख और चित्र से वह आहत हुए हैं।
