रतलाम। अपने साथियों के साथ दुकान पर बैठे हिस्ट्रीशीटर पर करीब दो दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में हिस्ट्रीशीटर सहित तीन युवक घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हमला करने वाले युवक भाग निकले। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रतलाम शहर के व्यस्तम चौराहे लोकेंद्र टॉकीज स्थित एक दुकान पर हिस्ट्रीशीटर सुनील सूर्या अपने साथियों के साथ बैठा हुआ था। तभी वहां मोटर सायकिल पर सवार होकर करीब दो दर्जन नकाबपोश युवक हाथों में लाठी, बेसबॉल का डंडा, हॉकी और धारदार हथियार लेकर पहुंचें। नकाबपोशों ने सुनील सूर्या और उसके साथियों पर हमला कर दिया।
इस घटना से लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर अफरा तफरी मच गई। हमले में सुनील सूर्या, सावन, अमित और अन्य दो युवक घायल हो गए। सुनील सूर्या, सावन और अमित को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस हमला कर भाग रहे आरोपियों में से तीन युवकों शुभम, धर्मेंद्र और लक्की को पकड़ लिया। स्टेशन रोड पुलिस ने इस मामले में आदित्य तोमर, धर्मेंद्र सहित 11 हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
बता दे कि घायल सुनील सुर्या भी आपराधिक रिकार्ड वाला होकर हिस्ट्रीशीटर है। उसके घायल होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सुनील सूर्या के समर्थक युवा जिला चिकित्सालय पहुंचें। इस हमले का आसपास के दुकान पर लोगों ने वीडियो भी बनाए है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है।
