भोपाल। मप्र में होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को बुरहानपुर के नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा देवी कासडेकर ने इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा सचिवालय ने उनके इस्तीफे की पुष्टि की है।
बता दे कि सुमित्रा देवी ने इस्तीफा क्यों दिया, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सुमित्रा देवी भाजपा में शामिल होगा या नहीं, इसको लेकर भी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि उनके इस्तीफे से कांग्रेस के भीतर हड़कम्प जरुर मच गया है।
दूसरी तरफ भाजपा भी इसको लेकर कांग्रेस पर तंज कस रही है। सुमित्रा देवी के इस्तीफे को लेकर मप्र भाजपा ने ट्विटर पर लिखा है कि, ’अच्छा हुआ कि कमलनाथ सरकार जल्दी विदा हो गई। जिनसे अपना घर ही नहीं सम्भल पा रहा, वो न जाने प्रदेश का क्या हाल करते? फ़िरसे तय था बंटाधार!’
गौरतलब है कि इससे पहले छतरपुर की बड़ामलहरा विधानसभा सीट से विधायक रहे प्रद्युम्नन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद शिवराज सरकार ने उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा देते हुए नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
