भोपाल। कांग्रेस विधायक और कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे उमंग सिंघार ने शनिवार को ईद के बहाने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने नाम लिए बिना कांग्रेस के कुछ नेताओं पर पार्टी को कुर्बान करने का आरोप लगाया।
उमंग सिंघार ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘भारत के स्वतन्त्रता संग्राम से लेकर आज तक कांग्रेस में अनेक नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं नेहरू गांधी परिवार का कुर्बानी का इतिहास रहा है लेकिन कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिये युवा नेतृत्व एवं देश की सबसे पुरानी पार्टी को कुर्बान करने पर लगे हैं। ईद मुबारक।’
कमलनाथ सरकार में वन मंत्री रहे उमंग सिंघार मुखरता के साथ अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। उमंग सिंघार पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने दिग्विजय पर कमलनाथ सरकार को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। सिंघार ने यह भी कहा कि दिग्विजय संभागीय स्तर पर मीटिंग करते हैं। ट्रांसफर पोस्टिंग कराते हैं और मंत्रियों को चिट्ठी लिखकर उसे वायरल करते हैं।
