शिवपुरी। शिवपुरी की बीएसएनएल कॉलोनी में सोमवार सुबह दस फीट का मगरमच्छ आ गया। सुबह जब कॉलोनी के लोगों ने मगरमच्छ को देखा तो क्षेत्र में हडकंप मच गया। तुरंत पुलिस व वन विभाग को मगरमच्छ आने की सूचना दी गई। बाद में वन विभाग और पुलिस की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू किया।
दरअसल शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में स्थित सांख्य सागर झील में बड़ी संख्या में मगरमच्छ हैं। मगरमच्छ झील से लगे पानी के नालों के सहारे शहरी इलाके में आ जाते हैं। पहली भी कई बार मगरमच्छ रिहायशी क्षेत्रों में निकल चुके हैं। सोमवार को जिस बीएसएनएल कॉलोनी में मगरमच्छ निकला है वह इलाका जाधव सागर तालाब से लगा हुआ है। जाधव सागर तालाब भी नालों के सहारों नेशनल पार्क की सांख्यसागर से लगा हुआ है।
