बुरहानपुर। प्रदेश के बुरहानपुर जिले में दबंगों ने दलित वर्ग के दूल्हे को मंदिर में प्रवेश से रोक दिया। दबंगों ने दलितों को मंदिर में जाने से रोकने के लिए मंदिर के बाहर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे तक दूल्हा और बाराती मंदिर के बाद इन्तजार करते रहे। आख़िरकार जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद चौकीदार ने मंदिर का ताला खोला और दूल्हे को मंदिर में प्रवेश मिला। हालाँकि तब तक शादी का मुहूर्त भी टल गया था।
भले ही आज हम डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहे हैं लेकिन आजादी के 72 साल बाद भी कुछ लोगों की मानसिकता में परिवर्तन नहीं आया है। बुरहानपुर के ग्राम बिरोदा में ऐसा ही मामला देखने को मिला जब दबंगों ने दलित वर्ग के दूल्हे को मंदिर में प्रवेश से रोक दिया। दबंगों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे तक दूल्हा और परिजन मंदिर के बाहर खड़े रहे।
जब मामले की जानकारी हिला प्रशासन तक पहुंची तो प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद चौकीदार ने मंदिर का ताला खोला। इस घटना से पूरे ग्राम में दबंगों के खिलाफ गुस्सा है। इस संबंध में आक्रोशित दूल्हे ने सवर्णो पर दबंगई कर जातिवाद फैलाने का आरोप लगाया।
मामले में एसडीएम के आदेश के बाद लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम काशीराम बडोले ने थाना प्रभारी विक्रम सिंह बामनिया को निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए है।
