इंदौर। पाइंट्स मैन के सीने में दर्द होने के कारण डीआरएम को अपना दौरा बीच में ही छोड़ना पड़ा। डीआरएम गाड़ी से पाइंट्स मैन को लेकर अस्पताल पहुंचें और उसका इलाज करवाया।
दरअसल डीआरएम आरएन सुनकर मंगलवार को विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन पातालपानी-कालाकुंड हैरिटेज ट्रेन के यात्रियों के सामने मनाने पहुंचें थे। इस दौरान टंट्या कैबिन स्टेशन पर तैनात पाइंट्स मैन राम अवतार को सीने में तेज दर्द हो रहा था। जब इस बात की जानकारी डीआरएम को लगी तो वह तुरंत राम अवतार का हालचाल पूछने पहुंचे। दर्द ज्यादा होने पर उन्होंने तुरंत गाड़ी मंगवाई और राम अवतार को लेकर डॉ। आंबेडकर नगर के अस्पताल पहुंचे।
डीआरएम ने अस्पताल में खड़े रहकर राम अवतार का इलाज करवाया। पाइंट्समैन की स्थिति सामान्य होने के बाद डीआरएम आगे जाने के बजाए रतलाम लौट आए। इसके पहले विश्व धरोहर सप्ताह का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों ने हैरिटेज ट्रेन में यात्रा करने वाले बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट बांटे।
