रतलाम। प्रदेश की एक महिला ने अपने टैलेंट के दम पर मिसेज 2020 कॉम्पिटिशन में रैम्प वॉक का खिताब जीत लिया है। जावरा जैसे छोटे से कस्बे की रहने वाली यह महिला मात्र आठवीं पास है, जिसे अंग्रेजी भी ठीक से समझ नहीं आती है।
दरअसल रतलाम जिले की जावरा तहसील के खटिकपुरा में की रहने वाली सितारा शाह ने 14 से 16 नवम्बर तक गुजरात के अहमदाबाद में वीपीआर ग्रुप द्वारा आयोजित मिसेज 2020 कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया। कॉम्पिटिशन में सितारा ने देशभर की महिलाओं को पीछे छोड़ते हुए मिसेस रैम्प वॉक का ख़िताब जीत लिया है। विवाहित महिलाओं को फिटनेस और सौंदर्य के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की 40 हजार महिलाएं शामिल हुई थी। इनमे से अलग अलग केटेगरी में 70 महिलाओं का चयन किया गया। रैम्प वॉक में सितारा का चयन हुआ ।
29 वर्षीय सितारा शाह ब्यूटी पार्लर चलाती है। डांस, ब्यूटीशियन, फैशन डिजाइनर और फिटनेस प्रतिभा की धनी सितारा को करीब चार महीने पहले अपनी एक दोस्त से पता चला कि अहमदाबाद में मिसेज 2020 कॉम्पिटिशन हो रहा है। सितारा ने इस कॉम्पिटिशन में भाग लेने की इच्छा जताई, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं हुआ। हालाँकि उनके पति जाहिद ने उन्हें सपोर्ट किया और वह प्रतियोगिता में शामिल हुई।
सितारा और जाहिद की शादी 1999 में हुई थी। पति जाहिद फोर व्हीलर चलाता है। शादी जल्दी होने से पढ़ाई केवल आठवीं तक हुई। इसके बाद सितारा ने ब्यूटीशियन का कोर्स सीखा और ब्यूटी पार्लर चलाने लगी। सितारा सुबह जल्दी उठती है और रोज सुबह एक घंटा योगा करती है। डाइटिंग पर भी विशेष ध्यान देती है।
सितारा कहती है कि परिवार और समाज के लोगों ने नाराजगी जताई थी लेकिन पति जाहिद ने सपोर्ट किया। प्रतियोगिता में टैलेंट राउंड हुआ तो मैंने बताया कि डांस आता है। साथ में बेली डांस का वीडियो ले गयी थी वह उन्हें दिखाया। मेरा चयन प्रश्नोत्तरी राउंड में हुआ लेकिन अंग्रेजी में सवाल होने से ज्यादा कुछ नही कर पाई।
स्पर्धा में अंग्रेजी में मुझसे पूछा गया तो मैने कहा आप हिंदी में पूछो फिर मैने अपने मन की बात कही कि कई महिलाएं शिक्षा और समाज में पिछड़ जाती है। उन्हें आगे बढ़ने का मौका ही नहीं मिलता है। ऐसी महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। जिसमें टैलेंट होगा वो निखर कर सामने आएगा। इससे वें काफी प्रभावित हुए। कैटवॉक रैंप वॉक में मुझे 100 में से 100 नंबर मिले। 5 इंच की ऊंची हील पहनकर कैटवॉक संभव नहीं था लेकिन मैंने बखूबी किया। इस तरह मैंने रैम्प वॉक का खिताब जीता।
फोर व्हीलर चलाने वाले सितारा के पति जाहिद अपनी पत्नी की सफलता से खुश है। जाहिद कहते है कि मुस्लिम समाज में इस तरह से महिलाओं के भाग लेने पर आपत्ति जताई जाती है। लेकिन मैंने अपनी सहमति दी क्यों कि मैं जनता था कि सितारा में टैलेंट है। वो सफल हुई और मैं उसे आगे बढ़ते हुए देखना चाहता हूँ।
