भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ के आदेश पर प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्यवाही और शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत भोपाल ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार सुबह तीन गुटखा कंपनियों पर छापा मारा। ईओडब्ल्यू की कार्यवाही अब भी जारी है।
दरअसल ईओडब्लू पिछले एक महीने से इन कंपनियों के खिलाफ कार्यवाही करने की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ की हरी झंडी मिलने के बाद जांच एजेंसी ने कार्यवाही की। ईओडब्लू ने सुबह 4.30 बजे एसपी अरुण मिश्रा के नेतृत्व में गोविंदपुरा स्थित तीन गुटखा कंपनियों राजश्री, कमला पसंद और ब्लैक लेबल पर छापा मारा। छापे के दौरान कारखानों में बाल श्रम और करोड़ों रुपए के टैक्स चोरी का मामला सामने आया है।
