शिवपुरी। मप्र के शिवपुरी जिले के थाना बैराड़ क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे बनाते समय एक मकान में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की छत फट गई और छत ऊपर से उछल गई एवं मकान की दीवार भरभराकर जमीदोज हो गई।
बताया जा रहा है कि जिस मकान में धमाका हुआ है उस मकान में अवैध रूप से आतिशबाजी बनाने का काम चल रहा था। तभी अचानक यहां धमाका हो गया।
जब घर मे धमाका हुआ उस समय घर मे तीन लोग मौजूद थे। तीनों ज़ख्मी आजाद खान उसकी पत्नी रुझसाना उनके एक बच्चे इसराइल को प्राथमिक उपचार केंद्र में भर्ती कराया गया। आजाद खान के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे शिवपुरी के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मकान में धमाके की खबर के बाद पुलिस और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। जिस मकान में धमाका हुआ है उस मकान में अवैध रूप से आतिशबाजी रखी थी जिसे धमाके के बाद पुलिस ने जप्त किया है। फिलहाल पुलिस ने उक्त मामले की जांच शुरू कर दी है।
