बैतूल। प्रदेश में एक परिवार ऐसा भी है जो पिछले 21 सालों से जिला अस्पताल के ज़रूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को पौष्टिक अंकुरित आहार वितरित कर रहा है। यह परिवार हर रोज सुबह आठ बजे जिला अस्पताल पहुंचकर लोगों लोगों को अंकुरित आहार वितरित करता है ताकि उनके दिन की शुरुआत सेहतमंद हो।
इस परिवार का नाम है अंकुरित आहार परिवार जो 21 सालों से बैतूल के जिला अस्पताल में हर दिन जरूरतमंदों तक पौष्टिक आहार पहुंचा रहा है। इस मानव सेवा मिशन को 01 जनवरी 1999 को बैतूल के तत्कालीन कलेक्टर सहित 7 सदस्यों ने शुरू किया था। आज इस परिवार से हजारों की संख्या में लोग जुड़ चुके हैं। बीते 21 सालों में एक भी दिन ऐसा नहीं बिता जब इस परिवार के सदस्यों ने जिला अस्पताल में अंकुरित आहार नहीं बाँटा हो।
रोजाना सुबह ठीक आठ बजे बैतूल के जिला अस्पताल में एक प्रार्थना गूंजती है जिसका मूल है मानव सेवा, महान सेवा। शुरूआती दिनों में इस परिवार के सदस्य सिर्फ जन्मदिन, श्रद्धांजलि या किसी खास मौके पर ही अंकुरित आहार बांटते थे। लेकिन धीरे-धीरे यह परम्परा बन गई। आज साल के पूरे 365 दिन लोग इस सेवा के लिए योगदान देने खड़े रहते हैं। अंकुरित आहार परिवार के सदस्य रोजाना जिला अस्पताल के मरीजों और उनके परिजनों को प्रति व्यक्ति 25 ग्राम अंकुरित आहार का वितरण करते हैं।
अंकुरित आहार परिवार की ख़ास बात यह है कि यह कोई एनजीओ नहीं है। इसमें कोई अध्यक्ष या सचिव भी नहीं है। सभी सदस्यों को बराबरी का दर्जा मिला हुआ है। सभी सदस्यों में गजब का सामंजस्य है। यह परिवार किसी रिकॉर्ड या पुरुस्कार के लिए नहीं बल्कि सिर्फ मानव सेवा के लिए यह काम करता है। फिर भी आज ये लगातार 21 साल तक हर दिन अंकुरित आहार बांटने का अनूठा रिकॉर्ड बना चुके हैं।
