देवास। मंडी में धान खरीदी को लेकर बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर कन्नौद में बुधवार को किसानों ने चक्काजाम किया। परेशान किसान कन्नौद में विधायक निवास के सामने धरने पर बैठ गए हैं। किसानों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि प्रशासन ने चने खरीदी के लिए एसएमएस के जरिए किसानों को मंडी बुला लिया, लेकिन मंडी में बारदान की व्यवस्था ही नहीं है। प्रशासन की लापरवाही के कारण किसान को अपनी फसल बेचने के लिए दो-तीन मंडी में ही रुकना पड़ रहा है। इस कारण किसान को प्रति दिन 1500 से 3000 रुपए वाहन का किराया अतिरिक्त देना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि हमने विधायक सहित अन्य अधिकारियों से बात की हैं लेकिन कोई भी हमारी सुनवाई करने के लिए तैयार नहीं है। एसडीएम कह रहे है कि बारदान नहीं है तो हम क्या करे। किसानों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द बारदान की व्यवस्था करे और फसल की खरीदी कर किसानों को रवाना करे।
