खंडवा। आख़िरकार पुलिस ने हाईवे पर डकैती करने वाले गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने इनके पास से पांच वाहन और एक करोड़ रुपए से अधिक का लूट का सामान भी बरामद कर लिया है। गिरोह पर पांच राज्यों में 10 करोड़ से अधिक का सामान लुटने का आरोप है। संभावना जताई जा रही है कि हाईवे की इस गैंग से कई वारदातों का खुलासा और होगा।
दरअसल पिछले दिनों खंडवा जिले के छैगांवमाखन गाँव में गिरोह ने लहसुन से भरे ट्रक को लूटा था। इस घटना के बाद से ही खंडवा पुलिस को इनकी तलाश थी। खंडवा जिले की छैगांवमाखन और धनगांव थाना पुलिस ने हाईवे पर ट्रक लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा है। इस मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए गए है।
यह लोग मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र के हाईवे पर लूट करके लूट के सामान को आसाम, हैदराबाद व अन्य दक्षिणी राज्यों में बेचने जाया करते थे। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों से 40 लाख रुपये का विमल गुटखा पाउच, 55 लाख रुपये का लहसून सहित 3 ट्रक और एक मिनी ट्रक बरामद किया है।
खण्डवा पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश के देवास जिले के एक गांव के रहने वाले बदमाशों ने मिलकर गिरोह बनाया और फिर हाईवे पर लूट की वारदातों को अंजाम देने लगा। यह गिरोह पहले ट्रकों में भरने वाले महंगे सामान की रेकी कर लेता था और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रकों को लूट लेते थे। ट्रक पर सवार ड्राइवर और क्लीनर को हाथ पांव बांधकर जंगल में फेंक दिया करते थे।
