राजगढ़। शिक्षक द्वारा की जा रही छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने तीन मंजिला मकान की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इससे छात्रा गंभीर घायल हो गई है। उसका बांया पैर भी बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी शिक्षक फरार है।
छात्रा राजगढ़ के विवेकानंद एकेडमी स्कूल में अध्ययनरत है। स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर अभिषेक पुत्र दिलीप सिंह राजपूत पिछले कई दिनों से छात्रा को प्यार, मोहब्बत की बातें करके परेशान कर रहा था। करीब 20 दिन पहले आरोपी शिक्षक ने छात्रा को स्पोर्ट्स में एंट्री नहीं देने की बात कहकर डराया और धमकाया। इसके बाद छात्रा को मोबाइल फोन देकर कहा कि तुम मुझसे इस मोबाइल से रोज बात करोगी। इसके बाद आरोपी रोजाना छात्रा को फ़ोन करके परेशान करता रहा। 20 दिसम्बर को छात्रा स्कूल में परीक्षा देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद आरोपी ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
आरोपी ने अगले दिन भी छात्रा को फ़ोन कॉल और मैसेज करके परेशान किया। इस पर छात्रा ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद छात्रा ने अपने 3 मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीँ स्कूल संचालक रामदयाल वर्मा ने आरोपी शिक्षक को हटा दिया है। फ़िलहाल आरोपी शिक्षक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में है।
