इंदौर। साल 2004-05 में इंदौर के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में हुए चर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में राज्य अपराध अनुसंधान ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) इंदौर ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया है। कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसरों सहित पांच आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया गया है।
बता दे कि ईओडब्ल्यू ने साल 2009 में कॉलेज के प्रोफेसरों सहित 10 आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था। लेकिन शासन की ओर से अभियोजन स्वीकृति नहीं मिलने से चालान पेश नहीं हो पा रहा था।
दरअसल साल 2004-05 में इंदौर में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में करीब 63 लाख रुपए का छात्रवृत्ति घोटाला हुआ था। सरकार ने इसकी जांच ईओडब्ल्यू से कराई थी। ईओडब्ल्यू की जाँच में सामने आया कि प्रोफेसरों सहित 10 आरोपियों ने फर्जी छात्रवृत्ति संबंधी दस्तावेज तैयार कर छात्रवृत्ति स्वीकृत कराई गई। वहीँ एक ही विद्यार्थी के नाम पर भी एक से अधिक बार छात्रवृत्ति स्वीकृत कराई गई।
