विदिशा। विदिशा में महिला के साथ हुए बलात्कार, पति की हत्या और सरकारी तंत्र की अमानवीयता को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला बोला है।
गोपाल भार्गव ने ट्वीट करते हुए कहा कि, “पीड़ितों को सरकार से न्याय की आस रहती है। लेकिन जब शासन-प्रशासन ही संवेदनहीन हो जाये तो उससे बुरा कुछ नही होता। मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार में प्रशासन निर्लज्ज हो चुका है। मानवीय संवेदनाएं शून्य हो चुकी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ इस घटना पर तत्काल संज्ञान ले और पीड़िता को न्याय दे।“
मामला विदिशा जिले के आलमपुर गाँव का है। यहाँ रहने वाली महिला का उसके पति के सामने ही बलात्कार किया गया और बाद में आरोपियों ने पति को मार दिया। इस घटना को दो आरोपी युवकों द्वारा अंजाम दिया गया है।
दरअसल दोनों आरोपी और महिला का पति साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान एक आरोपी पीड़ित महिला को अपने साथ टपरानुमा मकान के पीछे ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो महिला के साथ मारपीट की गई। महिला के शरीर पर चोट के गम्भीर निशान हैं।
घर के अंदर दूसरे युवक मनोज के साथ बैठे पति को जब मामले की भनक लगी तो वह इन सब बातों का विरोध करने लगा। इस पर आरोपियों और महिला के पति बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पीड़ित महिला के पति की हत्या कर दी।
इस क्रूरतम घटना के बाद सरकारी सिस्टम ने अमानवीयता की सारी हदों को पार कर दिया। पुलिस महिला को साथ लेकर पोस्टमार्टम के लिए पति का शव ट्रेक्टर में लादकर 20 किलोमीटर दूर लटेरी ले गई। यहां घंटों इंतजार के बाद भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका। डॉक्टर्स नदारद होने की वजह से ढाई-तीन घंटे इंतजार कर पुलिस शव के साथ पीड़िता को 35 किलोमीटर दूर सिरोंज अस्पताल लेकर आई। यहां भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस फिर शव लेकर लटेरी पंहुची। यहां घंटों की मशक्कत के बाद पोस्टमार्टम किया गया। हैरानी की बात ये है कि महिला को मेडिकल के लिए यहां से 45 किलोमीटर दूर गंजबसौदा ले जाया गया।
