ग्वालियर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। दोनों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को गले में खराश और बुखार की शिकायत थी। जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां को मैक्स साकेत में एडमिट कराया गया था। सिंधिया में कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे थे जबकि उनकी मां में कोई लक्षण नहीं थे। आज दोनों के संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों का इलाज किया जा रहा है।
वहीं सिंधिया और उनकी मां में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दोनों के संपर्क में आए लोगों को क्वारनटीन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। साथ ही कोरोना के सोर्स की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भी खुद को बुखार और गले में खराश की शिकायत के बाद क्वारंटाइन कर लिया है। आज उनका सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है।
