भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा छोड़ने की ख़बरों का खुद सिंधिया ने ट्वीट कर खंडन किया है। सिंधिया ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि, ‘दुख की बात है कि झूठी खबरें सच्चाई से ज्यादा तेजी से यात्रा करती हैं।‘
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्विटर अकाउंट का स्क्रीनशोर्ट वायरल हो रहा है। इन स्क्रीनशोर्ट में ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्विटर पर जनता का सेवक और क्रिकेट प्रेमी लिखा है। इसके साथ दावा किया जा रहा था कि सिंधिया ने अपने ट्विटर अकाउंट से भाजपा शब्द हटाकर जनता का सेवक और क्रिकेट प्रेमी लिखा है।
हालांकि सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल होने वाले पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि सोशल मीडिया और मीडिया में ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्विटर एकाउंट के बायो को बदले जाने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। कांग्रेस छोड़ने से पहले अपने ट्विटर एकाउंट के बायो में खुद को क्रिकेट प्रेमी और जनसेवक लिखा था। भाजपा में शामिल होने के बाद सिर्फ अपने प्रोफाइल पिक्चर में बदलाव किया था। इसके अलावा कोई आरै परिवर्तन नहीं किया, इसलिए जब कोई बदलाव ही नहीं हुआ तो फिर परिवर्तन का सवाल ही कहां है।
वहीं दूसरी तरफ सिंधिया समर्थक मंत्री तुलसी सिलावट ने भी ट्विटर पर लिखा है कि, ‘कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से व्यथित होकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद की पहचान कांग्रेसी नेता से अलग कर जनसेवक एवं क्रिकेट फैन की बताई थी। महाराज के एक फैसले ने कांग्रेस की प्रोफाइल तो बिगाड़ दी लेकिन खौफ इस कदर हावी है कि कांग्रेसी अब सपने में भी उन्हें लेकर अफवाह फैला रहे है।‘
