भोपाल। मध्यप्रदेश में 26 मई से शराब की दुकानें नहीं खुलेगी। मध्य प्रदेश शराब एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार के सामने आर्थिक छूट देने की मांग रखी थी, जिसे मानने से सरकार ने इंकार कर दिया। जिससे नाराज शराब के ठेकेदारों ने यह निर्णय लिया है।
शराब कारोबारियों का कहना है कि लॉकडाउन में दुकानें खुलने के बाद कम ब्रिकी के चलते उनको लगातार बड़ा घाटा हो रहा है। लॉकडाउन में शराब की दुकानें तो खुल गई है लेकिन उनकी ब्रिकी घटकर तीस फीसदी रह गई है। इस कारण कारोबारियों को ठेका कीमत निकालना मुश्किल हो रहा है।
ऐसे में शराब एसोसिएशन ने सरकार के सामने लाइसेंस फीस में छूट दिए जाने, बिक्री के आंकड़ों के आधार पर शुल्क वसूलने और नई परिस्थितियों के हिसाब से मूल्य निर्धारण करने की मांग रखी थी। लेकिन सरकार ने उनकी मांगे मानने से इंकार कर दिया। जिसके बाद मध्य प्रदेश शराब एसोसिएशन ने 25 मई शाम से प्रदेश की सभी शराब दुकाने बंद करने का निर्णय लिया है।
