सागर। शुक्रवार-शनिवार की रात एक बजे सागर में एचपी गैस का भरा हुआ टैंकर पलट गया। गैस टैंकर पलटते ही गैस का रिसाव होने लगा। हालाँकि प्रशासन की सजगता से बड़ा हादसा टल गया। वरना एक छोटी सी चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता था।
दरअसल सागर जिले के रहली थानाक्षेत्र अंतर्गत रहली देवरी मार्ग पर परासिया ग्राम के पास एचपी गैस का भरा हुआ टैंकर पलट गया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क के दोनों ओर से आवागमन बंद कराया। लोगों को खेतों से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। गैस रिसाव को रोकने के लिए मिट्टी डाली गई लेकिन काबू नही पाया जा सका। इसके बाद बीना रिफायनरी से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है।
टैंकर के ड्राइवर धीरज ने बताया कि वह एचपी गैस का टैंकर विजयपुर गुना से लेकर जबलपुर जा रहा था। रात्रि होने के कारण वह राह भटक गया और देवरी मार्ग पर आ गया। कोहरे के कारण मोड़ नही समझ सका और टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में अकेला ड्राइवर था जो सुरक्षित है।
