देवास। देवास की अदालत में अनोखा नजारा देखने को मिला। जहाँ पति अपनी पत्नी को लेने के लिए घोड़ी, बैंड-बाजे और नाचते-गाते बारातियों के साथ अदालत पहुंचा। पति-पत्नी ने जज के सामने एक दूसरे को माला पहनाई और पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
दरअसल कुछ सालों पहले पति पवन कुमावत और पत्नी करुणा के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद से पवन और करुणा अलग-अलग रह रहे थे। बीते दिनों लड़की पक्ष के वकील और लड़के पक्ष के वकील ने दोनों को समझाया और जज ने भी मध्यस्था को लेकर काफी प्रयास किया। आखिर जज और वकीलों का प्रयास रंग लाया और दोनों पति-पत्नी वापस साथ आने पर राजी हो गए।
इस पर पति अपनी पत्नी को लेने के लिए दूल्हा बनकर, घोड़ी पर बैठकर, बैंड-बाजे और नाचते-गाते बारातियों के साथ अदालत पहुंचा। कोर्ट में पहुंचते ही कोर्ट के वकीलों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद जज के सामने पति-पत्नी ने एक दूसरे को माला पहनाई और जज का आशीर्वाद लिया। इस नज़ारे को देख कोर्ट में आए लोगों ने ख़ुशी जाहिर की। इन दोनों पति-पत्नी के दो बच्चे हैं।
