उज्जैन। आख़िरकार ढाई महीने से भी अधिक समय बीत जाने के बाद सोमवार से उज्जैन का विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल गया है। मंदिर खुलते ही श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुँच रहे हैं। मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है। दर्शनार्थियों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है।
बता दे कि सोशल डिस्टेंसिंग को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने महाकाल दर्शन करने के लिए मोबाइल ऐप, टोल फ्री नंबर तथा मंदिर के काउंटर पर एडवांस बुकिंग कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। बुकिंग पूरी तरह निशुल्क है। सोमवार को दर्शन करने के लिए करीब 2 हजार श्रद्धालुओं ने बुकिंग की है। सप्ताह में एक नंबर से एक ही बार बुकिंग होगी।
बता दे कि फ़िलहाल श्रद्धालुओं के महाकाल का जलाभिषेक करने और फूल, प्रसाद आदि अर्पित करने पर रोक रहेगी। साथ ही मंदिर में घंटी बजाने, कलेवा बांधने, तिलक लगाने, प्रसाद बांटने पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा प्रशासन ने 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, शुगर, बीपी, दमा, दिल आदि गंभीर बीमारी के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मंदिर में ना आने की सलाह दी है। महाकाल मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोलने से पहले मंदिर को पूरी तरह से सेनेटाइज किया गया है।
