भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को भी प्रदेश में 243 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 9361 हो गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 403 पर पहुँच गई है। रविवार को प्रदेश में 233 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए।
रविवार को राजधानी भोपाल में 52 नए मरीज मिले हैं जबकि हमीदिया अस्पताल में एक मरीज की मौत हो गई है। इन्हें मिलाकर राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1952 हो गई है। इनमें से 1351 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को भी राजधानी में 26 मरीजों की छुट्टी की गई।
इंदौर में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने की संख्या लगातार कम होती जा रही है। रविवार को भी 1776 सैंपल की जाँच की गई जिसमें से महज 36 सैंपल पॉजिटिव आए जबकि 1712 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह कुल सैंपल का करीब 2 फीसदी है। इन्हें मिलाकर इंदौर में संक्रमित मरीजों की संख्या 3785 हो गई है। वहीँ एक व्यक्ति की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 157 हो गया है।
उज्जैन में कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने से यहां संक्रमितों की संख्या 737 हो गई है। वहीं अब तक 64 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 598 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं जबकि सक्रिय मरीज 75 हैं। रविवार को बुरहानपुर में 27 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 359 हो गई है। इनमें से 273 मरीज ठीक होकर आने घर लौट चुके हैं, जबकि 18 की मौत हो चुकी हैं।
नीमच में रविवार को 19 नए संक्रमित मरीज मिले। सभी मरीज जावद क्षेत्र के हैं। यहां अब तक 338 मरीज सामने आ चुके हैं, जिसमें से 196 स्वस्थ होकर घर जा चुके है। वहीं सात लोगों की मौत हो चुकी हैं। इनके अलावा देवास और शाजापुर में सात-सात नए मरीज मिले हैं। शाजापुर में अब तक 38 मरीज सामने आए हैं जबकि देवास में संक्रमितों की संख्या 129 हो गई है। रतलाम में दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने से यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 18 हो गई है। यहां अब तक संक्रमण के 53 मामले सामने आ चुके हैं। इनके अलावा राजगढ़ में 8, खरगोन में 3 और बड़वानी-खंडवा में एक-एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल में भी बड़ी संख्या में मामले सामने आए हैं। यहां शनिवार देर रात आई रिपोर्ट और रविवार को आई रिपोर्ट को मिलाकर 57 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से ग्वालियर-भिंड में 14-14, मुरैना में 7, श्योपुर में 21 और शिवपुरी में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। इससे ग्वालियर-चंबल अंचल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 500 के पार हो गई है।
