बैतूल। मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जबकि इसे लेकर सरकार के मंत्री कितने गंभीर हैं यह उनके बयानों से पता चलता है। दरअसल कमलनाथ सरकार के पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे ने मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज को दोषी ठहरा दिया। उन्होंने कहा कि इंद्र देवता शिवराज से नाराज होकर भारी बारिश कर रहे हैं।
सुखदेव पांसे अपनी विधानसभा मुलताई के कामथ में दिव्यांग बच्चों को ट्राय सायकल वितरण और मध्यान भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में भाषण देते समय सुखदेव पांसे ने कहा कि जब बारिश नहीं हो रही थी तो शिवराज ने कहा था कि जब से कमलनाथ मुख्यमंत्री बने है पानी नही आ रहा है।
इससे भगवान इंद्र नाराज हो गए कि यह कमलनाथ को बुरा साबित में लगा है। कमलनाथ हिंदुस्तान के एक मात्र ऐसे मुख्यमंत्री है जो कि 9 बार के सांसद होने का गौरव प्राप्त है। ऐसे व्यक्ति पर यदि कोई लांछन लगाए की पानी नही बरस रहा है तो इंद्र देवता ने सुना कि यह गलत लोग अच्छे आदमी को बदनाम कर रहे हैं। अगस्त के उसी दिन से जो पानी बरस रहा है वह आज तक बंद नही हुआ है। यह कमलनाथ की अच्छाई है। पांसे ने कहा कि अब कमलनाथ जी के बारे में लोग बोलने से हिचकिचाएंगे। कमलनाथ मानवता के पुजारी है।
