Xpose Today
विधायक समर्थक से मारपीट थाने पर हुआ बवाल। सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंचे जमकर हंगामा होने के बाद टीआई समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला इंदौर के एरोड्रम थाने का है। शुक्रवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ता और पुलिस के बीच जमकर हंगामा हुआ।
पड़ोसियों के झगड़े के बाद मामला थाने पहुंचा आरोप है कि एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता पं. जयदीप दुबे और पंकज चौबे के साथ थाने में मारपीट की गई। उन्हें जमीन पर घसीटा गया।
जानकारी मिलते ही विधायक गोलू शुक्ला के 400 से ज्यादा समर्थक एरोड्रम थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह समेत 7 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।
मामला क्या है आपको विस्तार से बताते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एरोड्रम क्षेत्र निवासी बीजेपी कार्यकर्ता पं. जयदीप दुबे का उनके पड़ोसी से विवाद हो गया था। पड़ोसी ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जयदीप ने पूरी घटना का वीडियो के साथ जानकारी विधायक गोलू शुक्ला को दी। विधायक के कहने पर जयदीप रिपोर्ट दर्ज कराने एरोड्रम थाने पहुंचे, लेकिन टीआई रात 11 बजे तक रिपोर्ट लिखने में टालमटोल करते रहे।”
पुलिस ने कर दी मारपीट
रात करीब 11 बजे जब पार्टी के दूसरे कार्यकर्ता पंकज चौबे रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो विवाद बढ़ गया। वहां मौजूद एसआई, एएसआई और आरक्षकों ने पंकज चौबे और जयदीप दुबे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उन्हें घसीट कर अंदर ले गए।थाने के अंदर मारपीट की खबर जैसे ही विधायक गोलू शुक्ला और समर्थकों तक पहुंची, देर रात 400 से ज्यादा कार्यकर्ता थाने पर जमा हो गए। समर्थकों का कहना है थाने के सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की बात रिकॉर्ड है। वे पुलिस कर्मियों पर तत्काल निलंबन की मांग पर अड़ गए।
हंगामा बढ़ता देख एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा भारी पुलिस बल के साथ एरोड्रम थाने पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बात कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन समर्थक सस्पेंशन से कम पर तैयार नहीं हुए।
एडिशनल डीसीपी ने टीआई, एसआई और एएसआई समेत कुल 7 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। निलंबन की घोषणा के बाद ही देर रात हंगामा शांत हुआ।”
