भोपाल। मध्यप्रदेश में मंगलवार को कोरोना के 165 नए मामले सामने आए हैं, वहीं छह लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी हैं। इससे प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 9716 पर पहुँच गया हैं, वहीं मरने वालों की संख्या 413 हो गई है। इस बीच मंगलवार को 193 लोग ठीक होकर अपने घर लौटे। इससे प्रदेश में सक्रीय मरीजों की संख्या 2574 रह गई है।
राजधानी भोपाल में 56 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इससे यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2068 हो गई है। वहीं 27 लोगों के स्वस्थ होकर घर लौटने से राजधानी में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1410 हो गई है।
इंदौर में मंगलवार को 51 और पॉजिटिव मरीज मिले हैं, वहीं चार और लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इंदौर में अब तक 3881 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, जिनमे से 2591 ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 1129 है।
इस बीच छिंदवाड़ा के सौंसर में रहने वाले 12 मजदूरों की जाँच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी मजदूर चेन्नई से यहां आए थे। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में मंगलवार को 17 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 10 मरीज डबरा, 3 श्योपुर, 2 मुरैना और एक-एक ग्वालियर व भिंड का रहने वाला है। डबरा में एक वकील के सम्पर्क में आने से ही सभी 10 लोग संक्रमित हुए हैं।
देवास में कोरोना संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 136 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 76 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 51 लोगों का इलाज किया जा रहा है। वहीं उज्जैन में दो नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 745 हो गई है। यहां अब तक 612 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 64 लोगों की मौत हो चुकी हैं वहीं 69 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
इसके अलावा राजगढ़ में कोरोना संक्रमितों के 6, जबलपुर और बलाघाट में 4-4, शहडोल और रीवा में एक-एक नया मामला सामने आया है। वहीं गुना, रायसेन और बुरहानपुर में 2-2 मामले सामने आए हैं।
