इंदौर। वंदे भारत योजना के तहत कुवैत से 51 यात्रियों को लेकर विशेष विमान दिल्ली होते हुए इंदौर पहुंचा। यह सभी यात्री इंदौर सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। एयरपोर्ट पर ही सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को एक गार्डन में भेजा गया, जहां सभी को क्वारंटाइन में रहना होगा।
कुवैत से कुल 133 भारतीयों को लेकर विशेष विमान दिल्ली पहुंचा था। इनमें से 82 यात्री दिल्ली में ही उतर गए जबकि बाकी 51 यात्री इंदौर पहुंचे। यात्री इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन आदि जिलों के हैं और कुवैत में नॉकरी करते थे। जिला प्रशासन ने सभी यात्रियों को राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित कमला कुंज गार्डन में बने क्वॉरेंटाइन सेंटर में भेज दिया है। यह सभी यात्री 7 दिनों तक यही रहेंगे। इसका खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाया जाएगा। 7 दिनों बाद इन सभी यात्रियों को घर जाने दिया जाएगा लेकिन वहां भी उन्हें होम क्वॉरेंटाइन में रहना पड़ेगा।
गौरतलब है कि कुवैत से यह तीसरी फ्लाइट है। वहीं, एयर इंडिया की एक फ्लाइट लंदन से भारतीयों को लेकर इंदौर आ चुकी है। लॉकडाउन के दौरान विदेशों में फंसे भारतीयों को इंदौर लाने वाली यह चौथी फ्लाइट है।
