एक्सपोज़ टुडे, ग्वालियर। ग्वालियर में भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ पोस्टर वार लगातार तेज होता जा रहा है। इस बार तो उनके खिलाफ लगाए गए पोस्टरों में आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया गया है। इसके बाद भाजपा नेताओं ने पोस्टरों को फाड़ कर कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ग्वालियर में शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा स्थित शासकीय छापाखाना और वार्ड 17 एवं 18 के कई स्थानों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करते हुए पोस्टर चिपका दिए। पोस्टरों में कुछ वाल्मीकि समाज के नेताओं का नाम भी लिखा गया है।
पोस्टर पर लिखा यह नेता सिंधिया के नाम पर अवैध वसूली एवं अन्य गलत धंधे कर रहे हैं। जब भाजपा नेताओं और और वाल्मीकि समाज के नेताओं को पोस्टर लगे होने की जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर पोस्टरों को हटाया। पोस्टर जब्त कर सीधे कोतवाली थाने पहुंच गए। वहाँ भाजपा नेता गुरुमुख क्रोशिया सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं और बाल्मीकि समाज के लोगों ने सिंधिया के खिलाफ अवैध पोस्टर चिपकाने वाले किसी धवन नाम के व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज की। पुलिस ने मामले की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
