इंदौर। देश में बढ़ती प्याज कीमत ने सुबह नाश्ते का जयका ही बदल दिया है। महंगे प्याज के कारण प्रसिद्ध इंदौर पोहे और कचौरी की दुकानों से प्याज पूरी तरह गायब हो गया है। दुकानदार प्याज की जगह का मूली का उपयोग कर रहे हैं। हालाँकि लोगों को प्याज के बिना इंदौरी पोहे का स्वाद पसंद नहीं आ रहा है।
दरअसल प्रदेश की मंडियों में प्याज थोक में 60-80 रुपये तक बिक रही है वहीँ बाजार में अब कीमतें 120 रुपए प्रति किलो तक चली गई हैं। ऐसे में होटल और ढाबा संचालकों ने सलाद के साथ मिलने वाली प्याज बंद कर दिया है। इंदौर में भी कई होटल संचालक पोहे में प्याज की जगह मूली डाल रहे हैं। इससे इंदौरी पोहे का स्वाद ही बदल गया है।
होटल संचालकों का कहना है कि प्याज 120 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। ऐसे में इतना महंगा प्याज हम पोहे में नहीं डाल सकते। इसलिए प्याज के विकल्प में मूली का उपयोग कर रहे हैं। हालाँकि इससे पोहे का स्वाद जरुर बदल गया है, लेकिन हमारे सामने कोई विकल्प नहीं है।
