बैतूल। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए रोजाना घरों से कचरा तो इकठ्ठा कर लिया जाता था, लेकिन इतने कचरे का निस्तारण करना बड़ी समस्या था। अब नगर परिषद कचरे का निस्तारण करने की बजाय जैविक खाद का निर्माण कर रहा है। इस खाद को कम दाम में किसानों को बेचा जा रहा है। इससे किसान भी काफी संतुष्ट है।
दरअसल बैतूल बाजार नगर पालिका ने स्वच्छता अभियान के तहत नगर को कचरा मुक्त बनाने और किसानों को सस्ते दाम पर जैविक खाद उपलब्ध करवाने की नई पहल की शुरुआत की है। नगर परिषद रोजाना घरों से कचरा इकट्ठा करके उसका निस्तारण करने की बजाय उसे मशीनों के माध्यम से उपयोगी बना रहा है।
इस काम को करने के लिए पहले कचरे को एकत्रित कर उसकी छटाई करवाई जाती है। गीले कचरे से एक प्रक्रिया के तहत जैविक खाद का निर्माण किया जाता है। इस खाद को उचित दरों में किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इस खाद को उपयोग करने वाले किसान भी खाद को लेकर काफी संतुष्ट नजर आ रहे है। उनका भी मानना है कि इस खाद से उनकी जमींन की उर्वरा शक्ति बढ़ रही है। साथ ही फसलों की उत्पादन क्षमता भी बढ़ गई है।
किसानों का कहना नगर पालिका द्वारा कचरे से निर्मित जैविक खाद बहुत अच्छी है। इसकी कीमत भी कम है। इससे फसलों का उत्पादन भी बढ़ रहा है। एक हजार रुपये में एक ट्राली खाद मिल जाता है। बाजार में मिलने वाला खाद बहुत महंगा होता है। सभी किसान इस खाद का उपयोग करें तो अच्छा होगा।
वहीँ सीएमओ जीआर देशमुख का कहना है कि नगर से निकलने वाले कचरे को सड़ाकर जैविक खाद का निर्णाण किया जा रहा है। सभी किसान भी अपने घर से निकलने वाले कचरे से खाद का निर्माण कर सकते है। 15 दिनों में कचरा पूरी तरह सड़ जाता है। इसे दो दिन सुखाने के बाद जैविक खाद तैयार हो जाता है। एक ट्राली का एक हजार रुपये शुल्क लिया जाता है। इस खाद की बहुत डिमांड है। इसको लेने के लिए किसानों द्वारा नंबर लगाए जाते है। अभी तक 25 हजार के जैविक का विक्रय किया जा चुका है।
