बड़वानी। राजपुर पुलिस ने बैरियर की राशि बचाने के चक्कर में प्रतिबंधित मार्ग से जा रहे ट्रक चालकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रक चालकों को रोक कर चालान बनाए। पुलिस ने करीब छह लाख रुपए से ज्यादा के चालान बनाए।
दरअसल ट्रक चालक राष्ट्रीय राज्य मार्ग स्थित बालसमुद का आरटीओ बैरियर बचाने के लिए निवाली से पसलुद होकर राजपुर आ जाते हैं। यहां से जुलवानिया होकर सीधे राष्ट्रीय राज्य मार्ग चले जाते हैं। इससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है। जिस रास्ते से ट्रक निकल रहे हैं वह भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है।
ऐसे ट्रक चालकों के खिलाफ पुलिस ने मुहिम छेड़ रखी है। पुलिस इन्हें रोककर चलानी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने अब तक 950 चालान बनाकर करीब 6 लाख 50 हजार राशि जमा की है।
