जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने अवैध रूप से उत्खनन कर रेत ले जा रहे 2 हाईवा और एक टैक्टर-ट्राली किया है। साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया जबकि वाहन मालिकों की तलाश जारी है।
दरअसल खनिज निगम से एग्रीमेंट होने के बावजूद जबलपुर जिले में रेत चोरी रोक पाने में शासन-प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। यहां धड़ल्ले से हिरण नदी से रेत चोरी का कारोबार चल रहा है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत ले जा रहे 2 हाईवा और एक टैक्टर-ट्राली को जब्त किया है।
ग्रामीण एएसपी शिवेश सिंह बघेल ने बताया है कि बेलखेड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पौड़ी कला हिरण नदी की रेत अवैध रूप से उत्खनन कर हाईवा मे लोड कर विक्रय हेतु ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा एमपी 20 एचबी 7233 को रोका।
पूछताछ करने पर हाईवा के चालक हल्कू बर्मन निवासी पाटन ने बताया कि वाहन के मालिक का नाम ब्रजेन्द्र सिंह निवासी ग्वारी पाटन है। वह रेत ढोने के बदले हल्कू को 240 रूपये देता है। उसने रेत की रॉयल्टी और कोई दस्तावेज होने से इंकार कर दिया।
इस पर पुलिस ने वाहन चालक हल्कू बर्मन और मालिक ब्रजेन्द्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया जबकि वाहन मालिकों की तलाश जारी है।
इसी तरह एक अन्य वाहन चालक अक्षत दीक्षित निवासी अमरपुर बम्होरी पाटन और उसके मालिक परायण उर्फ इदुं ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं दूसरी तरफ चरगवां पुलिस ने ग्राम कटोरी के पास दबिश देकर एक टैक्टर चालक ट्राली को अवैध रेत ले जाते हुए रोका। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
