शिवपुरी। एक प्रेमी जोड़े ने नियमों को ताक पर रखकर माधव राष्ट्रीय उद्यान के अंदर स्थित चांदपाठा झील में प्री वेडिंग फोटो स्टेशन और वीडियो बनाया। ख़ास बात यह है कि अपनी जान जोखिम में डालकर किए जा रहे इस फोटो सेशन को वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी देखते रहे। अब मामला तूल पकड़ने के बाद वन विभाग के अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।
दरअसल शिवपुरी जिले में माधव राष्ट्रीय उद्यान के अंदर स्थित चांदपाठा झील में एक प्रेमी जोड़े द्वारा प्री वेडिंग फोटो स्टेशन और वीडियो बनाने का मामला चर्चा में है। प्रेमी जोड़े ने झील में चलती नाव पर खड़े होकर फोटो सेशन कराया। इस दौरान सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया। नाव पर सवारी के दौरान नवयुगल ने कोई भी जैकेट नहीं पहन रखी थी। ख़ास बात यह है कि इस झील में 500 से ज्यादा मगरमच्छ है। ऐसे में जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था।
माधव राष्ट्रीय उद्यान के अंदर स्थित झील पर जब नौकायन किया जाता है तो पर्यटकों को लाइफ जैकेट पहननी होती है। ताकि दुर्घटना होने की स्थिति में उनकी सुरक्षा हो सके। लेकिन प्री-वेडिंग फोटो सेशन के दौरान नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गई और वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी देखते रहे।
