बड़वानी। राजपुर थाने के पुराने थाना प्रभारी की ढोल ताशे के साथ हुई विदाई नए थाना प्रभारी को भारी पड़ गई। एसपी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने पर नए नवेले थाना प्रभारी को चंद घंटों के अंदर ही निलंबित कर दिया। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर के थाना प्रभारी अनिल बामनिया का इंदौर ट्रांसफर किया गया है। वहीँ उनकी जगह उप निरीक्षक अजमेर सिंह अलावा को थाने का प्रभार सौंपा गया था। लेकिन अनिल बामनिया को विदाई देने के लिए उनके साथी पुलिसकर्मियों ने ढोल ताशे के साथ विदाई जुलूस निकाला। पुलिसकर्मी उन्हें कंधे में उठाकर वाहन तक ले गए। इस दौरान अनिल बामनिया ने सभी का हाथ जोड़कर आभार माना।
हालांकि विदाई जुलूस पुलिसकर्मियों ने ही सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियाँ उड़ाई। इस दौरान सभी पुलिसकर्मी एक-दूसरे से सटे नजर आए और कई पुलिसकर्मियों ने मास्क भी नहीं पहना था। लॉकडाउन के दौरान पुलिसकर्मियों के इस कृत्य को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी डीआर तेनीवार ने नए नवेले थाना प्रभारी अजमेर सिंह अलावा को निलंबित कर दिया। साथ ही अंजड थाना प्रभारी भवानी राम वर्मा को राजपुर थाना प्रभारी का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।
बता दे कि रविवार रात को राजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार में बैठकर शराब पी रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। कार पर भाजपा जिला अध्यक्ष की नेम प्लेट लगी हुई थी। हालांकि पुलिस के मुताबिक न तो वह पदाधिकारी कार में बैठे थे और न ही कार उनके नाम पंजीकृत पाई गई। इस घटना के दो दिन बाद ही थाना प्रभारी अनिल बामनिया का इंदौर ट्रांसफर कर दिया गया।
