मंदसौर। मध्यप्रदेश में यूरिया संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा हैं। मंदसौर जिले में भी यूरिया की कमी साफ़ तौर पर देखी जा रही है। हालाँकि जिला प्रशासन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने की बात कह रहा है। लेकिन धरातल पर यह दावा खोखला साबित हो रहा है। शुक्रवार को भी मंदसौर की बूढ़ा सोसायटी में यूरिया खाद खरीदने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में महिलाएं भी सोसायटी के बाहर पहुंचकर लाइन में खड़ी हो गई।
बता दे कि यूरिया को लेकर प्रदेश में चौतरफा कोहराम और अराजकता के हालात बने हुए है। सहकारी समितियों के बाहर किसानों की लंबी-लंबी लाइन देखी जा रही है। प्रदेश में अलग-अलग जगहों से धरना, प्रदर्शन, चक्काजाम, पथराव की खबरें आ रही हैं। किसान प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। हालात यह है कि कई जगह पुलिस के साये में यूरिया बांटा जा रहा है।
वहीँ दूसरी तरह प्रदेश में यूरिया संकट खत्म को लेकर राजनीति माहौल भी काफी गर्म है। भाजपा इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की कमलनाथ सरकार को घेरने में लगी है। वहीँ कांग्रेस ने यूरिया संकट का ठीकरा केंद्र की भाजपा सरकार पर फोड़ दिया है। बुधवार को इस मुद्दे को लेकर भाजपा के एक दर्जन विधायकों ने विधानसभा तक पैदल मार्च किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई विधायक मौजूद रहे।
