रीवा। जहाँ एक तरफ सरकारी स्कूलों की पढ़ाई का स्तर गिरता जा रहा है। वहीँ प्रदेश के एक सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए फंड जुटाकर स्मार्ट क्लास शुरू की। शिक्षकों की पहल धीरे-धीरे रंग ला रही है। इससे बच्चों में पढ़ने की जिज्ञासा बढ़ रही है और उनकी शिक्षा में भी सुधार हुआ है।
दरअसल रीवा के शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक अपने स्कूल के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। छात्राओं को अच्छी शिक्षा मिल सके, इसके लिए शिक्षकों ने फंड इकठ्ठा किया। अब शिक्षक इन पैसों से स्कूल में छोटी एलईडी टीवी लगाकर सीडी और माइक के माध्यम से छात्राओं को पढ़ा रहे हैं। इससे बच्चे न सिर्फ बेहतर तरीके से सीख पा रहे हैं बल्कि उनकी पढ़ाई का स्तर भी ऊँचा हुआ है।
स्कूल के प्राध्यानध्यापक संदीप कुमार बच्चों को छात्राओं को अच्छी शिक्षा देने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे है। उन्होंने ही खुद और अन्य शिक्षकों की मदद से स्मार्ट क्लास शुरू की। स्कूल में एलईडी टीवी के माध्यम से छात्राओं को गणित, अंग्रेजी सहित अन्य विषय पढ़ाया जाता है। उनके इस प्रयास से छात्राओं को आसानी से पाठ समझ में आता है। इससे छात्राओं को काफी फायदा हो रहा है।
शिक्षकों की इस पहल के बेहतर परिणाम भी सामने आ रहे है। कई छात्राओं ने निजी स्कूलों को छोड़कर इस सरकारी स्कूल में दाखिला लिया है। हालाँकि स्कूल में जगह कम होने के कारण थोड़ी परेशानी जरुर आती है। कम जगह के कारण बच्चों को टीवी देखने में परेशानी आती है। अगर प्रशासन थोड़ा ध्यान दे तो इस स्मार्ट क्लास को और बेहतर बनाया जा सकता है।
