शिवपुरी। शिवपुरी जिले में 8 से 23 जनवरी के बीच सेना भर्ती का आयोजन होगा। इस भर्ती को लेकर युवाओं में देश सेवा का खासा जज्बा देखा जा रहा है। इस भर्ती में जिले के पात्र युवा शामिल हो सके इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा विभाग, खेल विभाग एवं अन्य विभागों के सहयोग से जिला मुख्यालय के अलावा विकासखण्डों में विशेष प्रशिक्षण एवं फिटनेस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के प्रत्येक विकासखंड में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया है कि इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान चयनित किए गए युवाओं को दौड़, खानपान के साथ भर्ती सहित अन्य जानकारियां दीं जाएंगी जिससे उन्हें आने वाली भर्ती के दौरान मदद मिल सके। युवाओं में सेना में जाने का जर्बदस्त उत्साह है।
शिवपुरी जिला मुख्यालय पर तात्या टोपे फिजिकल कॉलेज के मैदान में प्रतिदिन युवाओं को सेना भर्ती को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या में सेना भर्ती होने के लिए युवा शामिल हो रहे हैं और प्रशिक्षण में दी गई जानकारी ले रहे हैं। गौरतलब है कि शिवपुरी जिले में 8 जनवरी से 23 जनवरी सैनिक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती तात्याटोपे फिजीकल कॉलेज के ग्राउण्ड में होगी। इसमें सागर, छतरपुर, दमोह, दतिया, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, गुना, पन्ना, भिण्ड, मुरैना और ग्वालियर के पात्र युवा भाग ले सकेंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए आए युवा प्रतिभागी प्रदीप ने बताया कि वह यहां सेना ने भर्ती होने के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण का लाभ लेने के लिए आए और उन्होंने अभी यहां दौड़ में भाग लिया जिसमें उन्होंने निर्धारित समय से भी कम समय में दौड़ पूरी की। उन्होंने कहा वह कि देश की सेवा करना चाहते हैं इसलिए सेना में भर्ती का प्रयास कर रहे हैं।
खेल विभाग की ओर से इस प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को टिप्स देने वाले विकासखंड समन्वयक कमल बाथम ने बताया कि प्रतिदिन यहां पर बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं और उन्हें दौड़ आदि की जानकारी दी जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से इस प्रशिक्षण शिविर के समन्वयक बनाए गए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज निगम ने बताया कि प्रतिदिन 200 से 300 युवा यहां भाग ले रहे हैं और उन्हें सेना में भर्ती होने के आवश्यक मापदंडों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा दौड़ एवं अन्य खेल गतिविधियों के बारे में भी योग्य प्रशिक्षकों द्वारा बताया जा रहा है।
