सागर। प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया हैं। कर्मचारियों ने जिन्दा वृद्ध को मृत घोषित कर दिया वह भी एक बार नहीं बल्कि दो-दो बार। अब वृद्ध सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटकर खुद को कागजों में फिर से जिन्दा करने की गुहार लगा रहा है।
मामला सागर जिले के जैसीनगर जनपद के कटंगी पंचायत का है। यहाँ रहने वाले 64 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति टीकाराम लोधी को प्रशासनिक अधिकारियों ने 25 मई 2018 को पहली बार मृत घोषित करके वृद्धा पेंशन बंद कर दी।
दिलचस्प बात यह है कि संबंधित अधिकारियों ने 17 जून 2019 को टीकाराम लोधी को पुनः जीवित बताकर उनकी वृद्धा पेंशन की राशि स्वीकृति कर दी। एक माह की राशी 600 रुपए टीकाराम लोधी के बैंक खाते में जमा कर दी गई। इस मामले में एक बार फिर दिलचस्प मोड़ तब आया जब 26 सितंबर 2019 को अधिकारियों ने एक बार फिर से टीकाराम लोधी को मृत घोषित करके पेंशन बंद कर दी।
अधिकारियों द्वारा जिस टीकाराम को कागजों में दो-दो बार मृत घोषित कर दिया गया वह असल में जिन्दा है। टीकाराम अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट कर खुद को कागजों में जिंदा कराने की गुहार लगा रहा हैं ताकि उसकी वृध्दा पेंशन दोबारा मिल सके।
आवेदक टीकाराम लोधी ने सागर कलेक्टर से इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीँ जैसीनगर जनपद सीईओ चेतना पाटिल का कहना है कि मीडिया के द्वारा मुझे इस मामले की जानकारी मिली हैं। मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाएगी।
