गुना। गुना जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर रुठियाई स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रात करीब एक बजे एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे स्टेशन के आउटर पर पटरी से उतर गए। अचानक हुए हादसे से यात्री एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
दरअसल अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस अजमेर से जबलपुर के लिए जा रही थी। रात के करीब एक बजे रुठियाई स्टेशन के आउटर पर पहुँचते ही इंजन के पीछे के दो डिब्बे एक एसएलआर और एक जनरल बोगी पटरी से उतर गए। घटना स्टेशन के आउटर पर घटी तो वहां उपस्थित सभी स्टाफ तुरंत पहुंच गए। गुना स्टेशन से भी आरपीएफ के जवान वहां पहुँच गए।
घटना की जानकारी लगते ही डॉक्टरों का एक दल गुना से रुठियाई स्टेशन पर पहुंचा। रेलवे पीआरओ भोपाल आईए सिद्दीकी ने बताया कि रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं जिसमें रुठियाई स्टेशन पर यात्रियों की जानकारी लेने के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 9630042319, 320, 321, 322 सेटेलाइट नंबर 8991112873 गुना स्टेशन 07542252675, बीना स्टेशन 07580223052, जबलपुर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 1072 जारी किये है। फिलहाल रुठियाई से गुना का आवागमन बंद है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
