रायसेन। जहां एक तरफ छोटी-छोटी बातों पर धार्मिक उन्माद हो जाते हैं, वहीँ दूसरी तरफ रायसेन जिले में हिन्दू-मुस्लिम सद्भाव की अनोखी मिसाल देखने को मिली। गणेश उत्सव और मोहर्रम का त्योहार एक साथ होने के चलते एक ही पंडाल में गणेश जी और ताजिया रखे गए। यह परम्परा यहां सालों से चली आ रही है।
रायसेन जिले के उदयपुरा में आजादी से लेकर आज तक हिन्दू मुस्लिम समुदाय के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। जब भी गणेश उत्सव और मोहर्रम एक साथ होते है तो एक ही पंडाल में एक तरफ भगवान गणेश विराजमान होते हैं तो दूसरी तरफ ताजिया रखे जाते हैं। इस दौरान हिन्दू मुसलमान एक साथ अखाड़ा भी खेलते हैं।
इससे पहले 1998 में और उससे पहले 1978 में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला था। नगर के गांधी चबूतरा पर गणेश जी के पंडाल में भगवान गणेश जी की मूर्ति पहले से ही स्थापित थी। जबकि ताजियों के लिए जगह सजाकर छोड़ दी गई थी ताकि मुस्लिम भाइयों के ताजिया रखे जा सके।
