शिवपुरी। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार में पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा के पुत्र जीतू राठखेड़ा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जीतू राठखेड़ा उनके पिता द्वारा 35 करोड़ और 100 करोड़ रुपए लेने की ख़बरों का खंडन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में जीतू राठखेड़ा कहते नजर आ रहे हैं कि यह कुछ दुश्मनों द्वारा खबर फैलाई जा रही है जो कि गलत है।
वीडियो में जीतू राठखेड़ा युवाओं की एक टोली के बीच उन्हें संबोधित करते हुए इस बात की सफाई दे रहे हैं कि उनके पिता ने विधायक पद से इस्तीफा देते वक्त कोई पैसे नहीं लिए है बल्कि ज्योतिरादित्य सिंधिया (महाराज) और शिवराज सिंह चौहान ने उनके पिता को मंत्री बनाकर पोहरी विधानसभा क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। इस वीडियो में मंत्री पुत्र यह भी कह रहे हैं कि 70 साल में पोहरी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार कोई मंत्री बना है।
मंत्री पुत्र इस धारणा को भी गलत बता रहे हैं कि पोहरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीतने के बाद उनके पिता को मंत्री पद से हटा दिया जाएगा। मंत्री पुत्र जीतू राठखेड़ा का कहना है कि उनके विरोधी तत्व ऐसी हवा उड़ा रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं, यह गलत है। उन्होंने कहा कि पोहरी विधानसभा में विकास कार्यों की झड़ी नई शिवराज सरकार के बाद लगा दी गई है और 1200 सौ करोड़ रुपए के नए कार्य मंजूर किए गए हैं। मंत्री पुत्र जीतू राठखेड़ा का यह वीडियो पोहरी विधानसभा क्षेत्र की महादेव घाटी पर युवाओं की एक बैठक के दौरान का बताया जा रहा है, जिसमें मंत्री पुत्र अपने दोस्त व युवाओं के बीच उन्हें संबोधित करते हुए यह बात कह रहे हैं।
गौरतलब है कि पोहरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते सिंधिया समर्थक सुरेश राठखेड़ा ने बीते मार्च माह में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था और सिंधिया के साथ भाजपा का दामन थाम लिया था। बाद में सुरेश राठखेड़ा को शिवराज सरकार में पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री बनाया गया है।
