झाबुआ। ‘अगर मन में हौसला हो तो कोई काम बड़ा नहीं होता’ इसे झाबुआ की नगर पालिका की टीम ने सच कर दिखाया है। पिछले 12 साल से जिस जगह पर शहर का कचरा जमा हो रहा था। वह ट्रेंचिंग ग्राउंड आज एक क्रिकेट ग्राउंड में बदल दिया है। इसके लिए नगर पालिका की टीम ने लाखों टन कचरे का निपटारा किया है। यहां फेंके जाने वाले कचरे को अलग कर कम्पोस्ट खाद बनाई जा रही है। वहीँ प्लास्टिक को अलग कर उसे रियूज किया जा रहा है।
दरअसल झाबुआ से करीब 5 किमी बाहर चारोलीपाड़ा में बने ट्रैंचिंग ग्राउंड पर सालों से शहर का कचरा डंप किया जाता था। नगर पालिका की टीम ने इस कचरे के मैदान को खेल के मैदान में बदलने की ठानी। इसके लिए नगर पालिका टीम ने खूब मेहनत की। झाबुआ नगरपालिका अध्यक्ष भी अपनी टीम के काम से गदगद हैं। वह उम्मीद कर रहे हैं कि लोग भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले।
जिस जगह लाखों टन कचरा जमा होता था अब वहां चौकों-छक्कों की बरसात हो रही है। सोमवार को स्वच्छता जागरूकता का संदेश देने के लिए ट्रैंचिंग ग्राउंड पर अध्यक्ष 11 और सीएमओ 11 के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इसके माध्यम से लोगों को सन्देश दिया कि थोड़ी कोशिश से लाखों टन कचरा भी हटाया जा सकता है। लोग भी शहर को साफ रखने में अपनी महती भूमिका अदा कर सकते हैं। नगर पालिका ने लोगों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की ताकि स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं।
कचरे के मैदान से क्रिकेट के मैदान में बदले ट्रैंचिंग ग्राउड लोगों के लिए भी आश्चर्य का विषय बन चुका है। लोग यहां नगरपालिका के इस प्रयास को देखने पहुंच रहे हैं और नगरपालिका की तारीफ भी कर रहे हैं। नगरपालिका के इस प्रयास के साथ अब लोगों के भी जुड़ने की बारी है ताकि शहर साफ और स्वच्छ बन सके। नगर पालिका के पार्षद गण ने भी लोगों से यही अपील की है। नगरपालिका और लोगों की सहभागिता जल्द ही सकारात्मक परिणाम देंगे।
