पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में हैंड पंप से पीने का पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेआम हुए इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही एसपी मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को हिरासत में लेकर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
दरअसल पन्ना जिले के पहाड़ीखेरा में सरकारी हैंड पंप पर पानी भरने को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद हो रहा था। इसको लेकर थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई गई थी, लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को एक बार फिर हैंड पंप पर पानी भरने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद लकी पिता कटैला तिवारी ने रविंद्र सिंह पिता बहादुर सिंह पर गोली चला दी। गोली सीधे रविंद्र सिंह के सीने पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से एसपी मयंक अवस्थी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और एक आरोपी लकी को हिरासत में ले लिया है, वहीं तीन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरियादी सुरजीत पिता बहादुर सिंह की शिकायत पर गटोला तिवारी, लकी तिवारी और लड़की लोली तिवारी के खिलाफ धारा 307, 294, 506बी, आईपीसी 34 और धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
पन्ना जिले में पानी को लेकर यह जो हत्या हुई है यह गंभीर मामला बनता जा रहा है। हालांकि लॉकडाउन के बाद जिले में यह पहली हत्या है, जिसमें सरेआम गोली मारी गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और कार्यवाही ना करने के आरोप लगाए हैं, क्योंकि कई दिनों से सरकारी हैंडपंप से पानी भरने को लेकर दोनों में पक्षों में विवाद होता रहा और पुलिस ने सख्त कार्यवाही नहीं की।
बता दे कि बुंदेलखंड में यह पहला मामला नहीं है, जिसमें पानी को लेकर खून बहाया गया है। यहां ऐसा बरसों से होता चला आया है। और लानत है कि कोई भी सरकार शासन, प्रशासन, अधिकारी, नेता इस खून-खराबे को रोकने में अब तक नाकाम रहा है। अब इसे हम सरकार की नाकामी कहें या निकम्मापन यह समझ से परे है। वह हर मामलों में सिफर साबित हुई है।
