भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को ‘भावी मुख्यमंत्री’ बताने को लेकर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। भाजपा इस पोस्टर को लेकर कांग्रेस पर तंज कस रही है। वहीं पोस्टर को लेकर बवाल मचने के बाद कांग्रेस ने इस पोस्टर को हटा लिया है।
दरअसल गुरुवार को जयवर्धन सिंह का जन्मदिन था। इस मौके पर भोपाल के एमपी नगर के मुख्य चौराहे पर लगा पोस्टर अचानक चर्चा में आ गया। युथ कांग्रेस की ओर से लगाए गए पोस्टर में जयवर्धन सिंह को ‘भावी मुख्यमंत्री’ बताया गया था।
जयवर्धन सिंह के इस पोस्टर ने भाजपा को कांग्रेस पर तंज कसने का मौका दे दिया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने ट्विटर पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है कि, ‘ये लो कमलनाथ जी राज्यसभा का रिटर्न गिफ्ट दिग्गी राजा के सौजन्य से !!! भोपाल की सड़कों पर भावी मुख्यमंत्री जयवर्धन सिंह को जन्मदिन की बधाई के पोस्टर।।‘
