भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया के दिलचस्प ट्वीट से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने एक ट्वीट से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी सहित अपनी ही पार्टी पर भी निशाना साधा है।
नेता जयभान सिंह पवैया ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘हे काँग्रेस की राजमाता! अपने कुनबे को सम्हालिये ना! आखिर आपकी रूठी हुई राजनीतिक संतानो को हम अपनो के हिस्से का कितना प्यार लुटाते रहेंगे? यदि नहीं सम्हलता तो किसी दिवालिया फर्म की तरह कांग्रेस प्रायवेट लि. का शटर डाउन क्यों नहीं कर देतीं? आप और देश दोनो ही शुकून में रहेंगे।’
जयभान सिंह पवैया ने अपने इस ट्वीट से कांग्रेस सहित अपनी पार्टी पर भी निशाना साधा है। दरअसल ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में आए कई विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी गई हैं। जयभान सिंह पवैया, ज्योतिरादित्य सिंधिया के धुर विरोधी रहे हैं। ऐसे में उनके इस ट्वीट को सिंधिया समर्थकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर अपनी ही पार्टी पर तंज माना जा रहा है।
