शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सिंधिया ने दुश्मनों से हाथ मिला लिया है। मुझे उनसे यह उम्मीद नहीं थी।
दरअसल दिग्विजय सिंह शिवपुरी जिले के खोड़ में पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने प्रोफेसर एपीएस चौहान के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, केपी सिंह, चंदेरी विधायक गोपाल सिंह सहित बुंदेलखंड के अनेक पुरानी रियासतों के लोग भी थे। दिग्विजय सिंह ने प्रो चौहान को एक डायनेमिक व्यक्तित्व का धनी बताया और कहा कि उनके जाने से उन्हें निजी क्षति हुई है जो कभी पूर्ण नही हो सकती है। उन्होंने प्रो चौहान की पत्नी मंजू सिंह, भाई अरुण प्रताप सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री ने ढांढस बंधाया।
शिवपुरी यात्रा के दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया पर फिर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिस पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को क्या-क्या नहीं कहा। उनको लोकसभा चुनाव हराया और हारने के बाद उसी पार्टी में चले गए जिसने उन्हें हराया। यह तो दुश्मन से हाथ मिलाना हो गया। यह क्या औचित्य है। आज तक मैं इस बारे में समझ नहीं पाया हूं। जिस दुश्मन से आप लड़ रहे हो और आप उसी के पाले में जाकर बैठ जाओ। यह मुझे उनसे उम्मीद नहीं थी।
इसे पहले शिवपुरी के रन्नौद में दिग्विजय सिंह के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाय-हाय के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह के काफिले को रोकने के प्रयास किया। भाजपा कार्यकर्ताओं हाय-हाय के बैनर हाथ में लिए हुए थे। पुलिस जवानों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका और पूर्व सीएम की कारों का काफिला आगे बढ़ गया।
