भोपाल। 20 मार्च 2020 को मध्य प्रदेश कांग्रेस के ऑफिशियल टि्वटर हैंडल से किया गया ट्वीट अब उसके गले की फांस बन गया। इस ट्वीट में कांग्रेस ने दावा किया था कि 15 अगस्त को कमलनाथ मुख्यमंत्री के रूप में झंडा फहराएंगे। अब भाजपा नेता और लोग इस ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं।
दरअसल 20 मार्च 2020 को कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसी दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस के ऑफिशियल टि्वटर हैंडल से ट्वीट किया गया था कि, ‘इस ट्वीट को संभाल कर रखना- 15 अगस्त 2020 को कमलनाथ जी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। ये बेहद अल्प विश्राम है।’
अब 15 अगस्त आ गया है और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान है। ऐसे में भाजपा नेता और सोशल मीडिया यूजर कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किए जा रहे हैं। कांग्रेस के ट्वीट को लेकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, ‘15 अगस्त को अगर कमलनाथ बतौर सीएम कहीं झंडा फहराते हुए दिख जाए तो मुझे भी बताना, मैं भी वहां जाऊंगा।’
वहीं नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि, ‘झंडा कौन और कब फहराएगा ये पार्टी या नेता नहीं बल्कि जनता तय करती है। कांग्रेस अपने खेमे को बांधे रखने के लिए इस तरह की फिजूल बातें करती है। इससे पहले भी कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह कहा गया था कि अगली बैठक राजभवन में ही होगी।’
