May 4, 2026

ताज़ा है बापू की यादें, जनसहयोग से दी थी 1633 रुपए 15 आना की थैली

हरदा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 150वीं जन्म जयंती पूरा देश मना रहा है। ऐसे में हरदा के बुजुर्गों की आँखों में 8 दिसंबर सन 1933 में बापू के हरदा प्रवास की झलकियाँ तैर जाती हैं।

स्थानीय इतिहासकार, साहित्यकार श्याम साकल्ले के पास बापू की इस यात्रा के प्रामाणिक दस्तावेज मौजूद हैं। ‘बापू की हरदा यात्रा’ का ‘हरिजन सेवक’ पत्र में उल्लेख भी है।

बापू का हरदा प्रवास –

श्री साकल्ले बताते हैं कि 1933 में बाबई में माखनलाल चतुर्वेदी से मिलने बापू आये थे। सोहागपुर से हरदा की दूरी 69 मील थी। बापू ने पैसेंजर ट्रेन से यह यात्रा की। हरदा स्टेशन उतरने के बाद यहां के सूरजमल सराफ की खुले छत चौपहिया गाड़ी से वर्तमान अजमेरा निवास सुभाष चौक के सामने से बहुत धीरे धीरे गुज़रे। बापू ने एक नोट लिखकर उनके स्वागत दर्शन में सड़क मार्ग के दोनों तरफ रस्सी के पीछे खड़ी अनुशासित जनता की बहुत प्रशंसा की।

हरदा में बापू का जुलूस मार्ग घण्टा घर से नृसिंह मन्दिर, खेड़ीपुरा, हरिजन बस्ती हरिशंकर सेठ चौराहा, ठाकुर सा बिछोला वालों की गढ़ी के सामने से गणेश चौक, सत्यनारायण मन्दिर से होते हुए जिमखाना तक रहा था। यहां जगह जगह बापू का स्वागत हुआ था। भाषण के बाद बापू ने हरिजन छात्रावास में विश्राम किया। बाद में खण्डवा के लिए प्रस्थान किया। श्री साकल्ले ने बताया कि हरदा के अनुशासन और आत्मीयता को देखकर उन्होंने हरदा को हृदय नगर की संज्ञा दी थी।

अस्पृश्यता को बताया कलंक

जिमखाना मंच से बापू ने मैदान में बड़ी संख्या में जमा जनता को अस्पृश्यता निवारण व स्वच्छता का संदेश दिया था। जिमखाना ग्राउंड पर मंच पर लगे बैनर पर संदेश ‘अस्पृश्यता हिन्दू धर्म पर कलंक है।’ कार्यक्रम की मूल भावना को प्रकट कर रहा था।

बाद में बापू उसी वाहन से जिमखाना मैदान के पास हरिजन आश्रम गए। वहां से वे हरिजन बस्ती में गये और वहां साफ सफाई और छुआछूत दूर करने पर ज़ोर दिया।

साकल्ले बताते हैं हरदा के सेनानी जलखरे परिवार के पास आज भी उस दिन बापू द्वारा चलाये गए चरखे के लकड़ी के दो पटिये हैं। हरदा के ही चंपालाल सोकल सेनानी परिवार से भी कई जानकारियां मिली हैं।

बापू की कुटिया

अन्नापुरा स्कूल 1955 में खुलने से पहले यह जगह हरिजन छात्रावास के रूप में जानी जाती थी। जहां बापू रुके थे, वर्तमान में उसे बापू की कुटिया के रूप में संवारा जा रहा है। बापू ने यहां बकरी का दूध भी पिया।

बापू को सौंपे 1633 रुपए 15 आने एक पैसा

सभा में दूरदराज से आये गांधीभक्तों ने आपस मे राशि एकत्र कर बापू को 1633 रु 15 आने राशि की थैली सौंपी तथा मानपत्र भेंट किया। हरिजन सेवक पत्र में इसका उल्लेख भी हुआ।

Written by XT Correspondent

bettilt giriş bettilt giriş bettilt pin up pinco pinco giriş bahsegel giriş bahsegel paribahis paribahis giriş casinomhub giriş rokubet giriş slotbey giriş marsbahis giriş casino siteleri