जबलपुर। मंगलवार को दशहरा का त्यौहार मनाया जाएगा। इस दिन देशभर में रावण का दहन किया जाएगा। रावण को बुराई का प्रतीक माना जाता है। लेकिन एक शख्स ऐसा भी है जो पिछले कई सालों से रावण की पूजा कर रहा है। यह शख्स नवरात्री की पंचमी पर दशानन की प्रतिमा स्थापित करता है और दशहरे पर विसर्जन करता है।
दरअसल जबलपुर के पाटन में रहने वाला संतोष नामदेव उर्फ लंकेश रावण का भक्त है। लंकेश अपनी इस अनोखी आस्था के लिए क्षेत्र में अलग पहचान रखता हैं। नवरात्री के दिनों में जब लोग माता की पूजा अर्चना करते हैं तब लंकेश रावण की पूजा कर रहे होते हैं।
संतोष नामदेव पेशे से टेलर हैं। इनकी रावण भक्ति से हर कोई प्रभावित है। नवरात्रि में जब संतोष रावण की प्रतिमा स्थापित करते है तो क्षेत्र के लोग भी उन्हें पूरा सहयोग करते हैं। उनके मुहल्ले में रावण की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाती है।
संतोष के रावण भक्त बनने की भी दिलचस्प कहानी है। संतोष ने बचपन में रामलीला में रावण की सेना में सैनिक का किरदार निभाया था। कुछ सालों बाद संतोष को रावण का किरदार निभाने का भी मौका मिला। रावण के किरदार से संतोष इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने रावण को ही अपना गुरु और ईष्ट मान लिया। तब से रावण-भक्ति का सिलसिला चला आ रहा है।
शुरुआत में लंकेश के परिजनों और पड़ोसियों थोड़ा आश्चर्य जरूर हुआ लेकिन लंकेश की भक्ति को देख अब उनके परिवार और पड़ोस के लोग भी उनका साथ देने लगे हैं। भले ही हमारा समाज रावण की बुराइयों की अनेक कहानियां सुनाता हो, लेकिन लंकेश दशानन की अच्छाइयों से सीख लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
