मंदसौर। मंदसौर के भावगढ़ क्षेत्र में लड़की के आत्महत्या मामले में जिला पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने मामले की जांच एएसपी को सौंपी है। हितेश चौधरी ने इस मामले में भावगढ़ टीआई आरसी गौड़ को लाइन हाजिर किया है। साथ ही जाँच भी बिठाई हैं।
दूसरी तरफ पुलिस की लापरवाही की शिकायत गृहमंत्री तक पहुँच गई है। रविवार को कांग्रेस नेता महेन्द्रसिंह गुर्जर ने दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन को शिकायत की है। गुर्जर ने कहा कि लड़की जलती रही लेकिन पुलिस ने उसे नहीं बचाया। पुलिस मूकदर्शक बनकर जलती युवती को देखती रही।
गौरतलब हैं कि तीन अक्टूबर को भावगढ़ क्षेत्र के करजू गाँव की निवासी रानू पिता कोमल टेलर ने खुद को केरोसीन डालकर जिंदा जला लिया था। सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पहुंची और खिड़की तोड़कर घर में घुसी, लेकिन अंदर जल रही लड़की की आग नहीं बुझाई। पुलिस ने परिजनों को कह दिया कि जब तक जांच के लिए एफएसएल टीम मंदसौर से नहीं आती तब तक कुछ नहीं कर सकते। लड़की लगभग पौने तीन घंटे तक पुलिस के सामने जलती रही लेकिन पुलिस ने आग नहीं बुझाई। जब एफएसएल अधिकारी मौके पर पहुंची तो उन्होंने तुरंत लड़की की आग बुझाने को कहा। जिस पर पुलिस ने लड़की के पिता से ही उस पर पानी डलवाया और आग बुझाई। घटना का वीडियो भी सामने आया था।
